






आजमगढ़। थाना कप्तानगंज पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के पास से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को ग्राम कुशमहरा स्थित CHC छितुवा के पीछे प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के मामले में थाना कप्तानगंज पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी प्रकरण में वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2:20 बजे थाना कप्तानगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोकशी प्रकरण से जुड़े दो आरोपी धरौली मोड़ कूड़ा घर कुशमहरा की तरफ बाइक से आ रहे हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ फुसी पुत्र यूनुस निवासी सारैन थाना अहरौला के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
फरार आरोपी की पहचान आजाद पुत्र फिरोज निवासी मेहियापार थाना अहरौला के रूप में बताई गई है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
बरामदगी
एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर
दो खोखा कारतूस
एक मोटरसाइकिल
पुलिस पूछताछ में खुलासा
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ प्रतिबंधित पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर वध कर मांस की बिक्री करता था। अपराध छिपाने के लिए पशुओं के अवशेष नदी, नाले या खेतों में फेंक दिए जाते थे अथवा जमीन में गाड़ दिए जाते थे।
आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी आरिफ उर्फ फुसी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में थाना कप्तानगंज पर गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
