तहसील मार्ग पर दर्दनाक हादसा, सामान से आ रहे अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की हुई मौत, आये दिन हादसे से उठे कई सवाल

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फरिहा-निजामाबाद मार्ग पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र निवासी बंकेश मिश्र पुत्र सुरेश मिश्र अपनी मोटरसाइकिल से फरिहा चौक से निजामाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फरिहा-निजामाबाद रोड पर तेज गति से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बंकेश मिश्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक बंकेश मिश्र, गंभीरपुर क्षेत्र के पत्रकार अशोक मिश्र के चचेरे भाई थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
वहीं पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर फरिहा चौकी पर खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फरिहा-निजामाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *