






आजमगढ़। शहर के बाईपास रोड निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। अधूरी 4 लेन सड़क पर ही डिवाइडर बना दिए जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बड़े वाहनों के पलटने का खतरा लगातार बना हुआ है। ताजा मामला बुधवार आधी रात का है, जब करतारपुर से भंवरनाथ रोड पर लकड़ी के बोटों से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया। हादसे में डिवाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं सड़क का आधे से ज्यादा हिस्सा पूरी तरह जाम हो गया। गुरुवार पूरे दिन ट्रक सड़क पर पलटा पड़ा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास रोड का निर्माण कार्य काफी समय से चल रहा है, लेकिन सड़क को समतल और सुरक्षित बनाए बिना ही बीच में डिवाइडर खड़े कर दिए गए हैं। सड़क कई जगहों पर ऊंची-नीची और अधूरी पड़ी है, जिसके चलते वाहन चालकों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है।
लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई थी। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार विभाग कोई सबक लेने को तैयार नहीं हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी की देखरेख में हो रहे इस निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।
बुधवार रात हुए हादसे में ट्रक चालक और खलासी घायल हुए या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं ट्रक को हटाने का कार्य भी देर तक शुरू नहीं हो पाया, क्योंकि ट्रक में भारी मात्रा में लकड़ी के बोटे लदे हुए थे, जिन्हें पहले हटाने की कोशिश की जा रही थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क लोगों को सुविधा देने के बजाय अब मुसीबत का कारण बनती जा रही है। अधूरी सड़क, असमान सतह और अव्यवस्थित डिवाइडर के कारण हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया जाए और हादसों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
