पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, आजमगढ़ के युवक की मौत, आजमगढ़ निवासी चार की हालत गंभीर, कराये गए भर्ती

Uncategorized

आजमगढ़/सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आजमगढ़ के एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक आगरा से घूमकर अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रानी की सराय थाना क्षेत्र के सोनवारा गांव निवासी पांच युवक तीन दिन पहले घूमने के लिए आगरा गए थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे वे हुंडई वेन्यू कार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते आजमगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर जिले में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 112 के पास उनकी कार आगे चल रहे एक खाली ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस से कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को लखनऊ के केजीएमसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान मोहम्मद सैफ (20) पुत्र मोहम्मद अफजल की मौत हो गई। वहीं घायल अहमद (21) पुत्र कलीम, अलमाश (19) पुत्र शाह आलम, मोहम्मद शमी (21) पुत्र मोहम्मद आजम तथा आरिज (21) का केजीएमसी में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही सोनवारा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *