हत्या प्रकरण से जुड़े गैंग पर पुलिस का शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में 3 वांछित गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। महराजगंज पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले से जुड़े संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपित लंबे समय से संगठित रूप से अपराध कर क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2025 को थाना महराजगंज क्षेत्र में त्रिभुवन पाण्डेय की हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य प्रमाणों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि जमीनी विवाद को लेकर रामभवन पाण्डेय, आदित्य पाण्डेय, दीनदयाल पाण्डेय और अमरनाथ यादव ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र भी प्रेषित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि अभियुक्त एक संगठित आपराधिक गिरोह के रूप में कार्य करते हैं और आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए गंभीर अपराधों को अंजाम देते हैं। इनके कृत्यों से क्षेत्र में दहशत और भय का वातावरण व्याप्त था। इसी आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन प्राप्त किया गया तथा 2 जून 2026 को थाना महराजगंज में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर ग्राम आराजी जजमनजोत में दबिश दी। इस दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कोई अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमरनाथ यादव पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र यादव, रामभवन पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय बजरंगी पाण्डेय तथा आदित्य पाण्डेय पुत्र रामभवन पाण्डेय निवासी आराजी जजमनजोत थाना महराजगंज जनपद आजमगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 2(ख)(i)/3(1) के तहत दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल कुशल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *