बाइक से निमंत्रण से लौट रहे तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, गोदाम इंचार्ज की मौत, दो अन्य की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

Uncategorized

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालगंज कस्बे में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे पर जिओ पेट्रोल पंप के निकट हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान मनोज सोनकर (37) पुत्र मिठाईलाल निवासी वार्ड नंबर-11 लालगंज के रूप में हुई है। मनोज लालगंज स्थित इंडियन गैस गोदाम में गोदाम इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह अपने दो साथियों नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर के साथ गंभीरपुर थाना क्षेत्र में आयोजित एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से वापस लौटते समय देर रात जैसे ही उनकी बाइक लालगंज स्थित जिओ पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात होने के कारण काफी समय तक तीनों सड़क पर ही पड़े रहे। बाद में राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज सोनकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों का इलाज वाराणसी में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मनोज की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद लालगंज क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *