अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, बिलरियागंज व फरिहाँ में कई केंद्र सीज़, डीएम के आदेश पर ताबड़तोड़ छापेमारी, बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों को नोटिस

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के आदेश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देशन में बिलरियागंज और फरिहाँ क्षेत्रों में छापेमारी कर कई संस्थानों पर कार्रवाई की गई।
डिप्टी सीएमओ एवं नोडल नर्सिंग होम प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में कई अस्पताल बिना पंजीकरण और मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित पाए गए।
बिलरियागंज क्षेत्र में कार्रवाई:
चाँदपट्टी स्थित “आंख का अस्पताल एवं चश्मा घर” को पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने और अवैध ऑपरेशन की सूचना पर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
वहीं जायसवाल डेंटल केयर सेंटर को अपंजीकृत पाए जाने पर 3 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा आजमपुर बाजार स्थित दुबे पैथोलॉजी सेंटर और यूनिक डेंटल केयर सेंटर को भी बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने पर नोटिस जारी कर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
फरिहाँ क्षेत्र में कार्रवाई:
फरिहाँ स्थित विद्या हेल्थ केयर सेंटर एवं जच्चा-बच्चा केंद्र में निरीक्षण के दौरान पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसके ऑपरेशन थियेटर (OT) को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
साथ ही आयुष पाली क्लीनिक को भी अपंजीकृत पाए जाने पर 3 दिन का नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट कहा कि अवैध और मानकविहीन चिकित्सा संस्थानों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नोटिस के बावजूद वैध अभिलेख प्रस्तुत न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें पूर्ण रूप से सीज किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि जनपद में ऐसे अवैध संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *