
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर वायरल की गई एक पोस्ट में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा किया गया था, जो जांच में पूरी तरह असत्य पाया गया।
कोतवाली क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान चौकी प्रभारी एलवल उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी को सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट की जानकारी मिली। जांच में पाया गया कि इंस्टाग्राम आईडी @satishravan47 से एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 का पेपर लीक होने का दावा किया गया था। पुलिस की जांच में यह सूचना भ्रामक एवं झूठी निकली।
पुलिस के अनुसार इस तरह की फर्जी सूचना से परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। मामले में आरोपी की पहचान महराजगंज थाना क्षेत्र के निवासी सतीश कुमार उर्फ ब्लू के रूप में की गई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी तथा लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
पुलिस चौकी प्रभारी लछिरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति की तहरीर पर कोतवाली थाना में एफआईआर संख्या 0300/2026 दर्ज की गई है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत दर्ज किया गया है।
तहरीर के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Nitesh@Abhijee41194761 आईडी से एक पोस्ट वायरल की गई थी, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा-2026 के दौरान आजमगढ़ के एक परीक्षा केंद्र पर नकल होने तथा उत्तर कुंजी गलत होने जैसे आरोप लगाए गए थे। जांच में उक्त सूचना असत्य और भ्रामक पाई गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हुई।
मामले में पुलिस ने आरोपी नितेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना की जिम्मेदारी पुलिस द्वारा नामित जांच अधिकारी को सौंपी गई है।
