आजमगढ़ में मदरसा फर्जीवाड़े पर शिकंजा, दो मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार, मदरसा पोर्टल फर्जीवाड़ा और सरकारी धन गबन का EOW की जांच में हुआ खुलासा

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में मदरसों से जुड़े फर्जीवाड़े और सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (EOW) की जांच में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में की गई हैं।
पहले मामले में मदरसा पोर्टल पर फर्जी अभिलेखों के आधार पर संचालित किए जा रहे मदरसा इस्लामिया मोहम्मदल्ला, सिधारी के प्रबंधक मोहम्मद अकरम को सिधारी पुलिस ने गिरफ्तार किया। जांच में आरोप है कि मदरसे के संचालन संबंधी अभिलेखों में अनियमितता कर सरकारी व्यवस्था को गुमराह किया गया। इस मामले में वर्ष 2025 में थाना रानी की सराय में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दूसरे मामले में मदरसा अरबिया तहतानिया भीखपुर से जुड़ी जांच में सरकारी धन के गबन का खुलासा हुआ। EOW की जांच के अनुसार भवन और छात्र संख्या से संबंधित गलत जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत प्राप्त सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया गया। जांच में 66 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आने पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान शरद यादव और धर्मेन्द्र कुमार यादव की संलिप्तता प्रकाश में आई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने मोहम्मद अकरम को मुण्डा तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि फूलपुर पुलिस ने शरद यादव और धर्मेन्द्र कुमार यादव को अम्बारी चौराहे के पास से दबोच लिया। तीनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मदरसों से संबंधित अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *