श्री विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति पर उमड़ा आस्था का सैलाब, वैदिक मंत्रों से गूंजा क्षेत्र

Uncategorized

आजमगढ़। शेरपुर कुटी के निकट वीरभद्रपुर (हनेवता) में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर रामकृष्ण दास जी महाराज की अध्यक्षता में 4 जून से चल रहे श्री विष्णु महायज्ञ का शुक्रवार को भव्य पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और देवी-देवताओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
काशी के यज्ञाचार्य पं. कपिलदेव शर्मा के नेतृत्व में विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक विधि-विधान से मुख्य यजमान रमाकांत यादव के हाथों पूर्णाहुति संपन्न कराई। पूर्णाहुति के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण “हरि बोल” तथा देवी-देवताओं के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर यज्ञाधीश स्वामी रामकृष्ण दास जी महाराज ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वातावरण और मानव जीवन की शुद्धि का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यज्ञ में दी गई आहुतियां वायुमंडल को शुद्ध करती हैं और सहभागी श्रद्धालुओं के तन-मन को पवित्र बनाती हैं। उन्होंने बताया कि यह महायज्ञ भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने तथा विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के लिए आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान विपिन यादव उर्फ कंचन यादव ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान साहित्यकार पं. सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुन्दन’, कवि संजय कुमार पांडेय ‘सरस’, बाबा बालक दास, रणधीर सिंह, शम्भूदास, राममूरत यादव पहलवान, सुधीर दास, सुरेंद्र यादव, श्री प्रकाश मिश्रा, ब्रह्म कुमार सिंह, हरिराम यादव समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *