



आजमगढ़। शासन के निर्देश पर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर क्षेत्र में बिजली विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह छह बजे से शुरू हुए इस विशेष अभियान के दौरान विभाग की तीन टीमों ने विभिन्न मोहल्लों में छापेमारी कर जांच की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विद्युत विभाग द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के सेकपुरवा, कोलपांडे और बदरका मोहल्लों में आकस्मिक जांच की गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन क्षेत्रों में राजस्व वसूली कम हो रही है अथवा बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही हैं, वहां “जीरो थेफ्ट अभियान” के तहत विशेष निगरानी की जा रही है।
अधिशासी अभियंता आर.के. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के निर्देश पर खंड स्तर पर टीमों का गठन कर बिजली चोरी रोकने और राजस्व बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। तीन घंटे तक चली चेकिंग के दौरान एक दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं के यहां विद्युत उपयोग में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते उनके कनेक्शन काट दिए गए। वहीं बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि विभाग ने ऐसे करीब 3200 उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है, जिनके यहां दो से तीन किलोवाट का कनेक्शन है, लेकिन बिजली की खपत अत्यंत कम दर्ज हो रही है। ऐसे उपभोक्ताओं की डोर-टू-डोर जांच की जा रही है। जांच में बिजली चोरी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आर.के. सिंह ने कहा कि यह अभियान 15 जून तक जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली चोरी न करें और समय पर बिल जमा करें। साथ ही घरों में वास्तविक विद्युत भार (लोड) के अनुसार कनेक्शन अपडेट कराएं, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य ईमानदार उपभोक्ताओं को बेहतर और लगातार बिजली उपलब्ध कराना है। बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण होने से राजस्व में वृद्धि होगी और विद्युत व्यवस्था भी अधिक मजबूत होगी।
