पुरानी जेल की भूमि के विकास को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव तैयार कर भेजने के दिए निर्देश

Uncategorized

आजमगढ़, 14 जून। जनपद की ऐतिहासिक पुरानी जिला कारागार की भूमि के जनहित में उपयोग को लेकर प्रदेश सरकार की पहल से जिले में उत्साह का माहौल है। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान द्वारा उठाए गए प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लेते हुए इस भूमि के समुचित विकास के लिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
लंबे समय से पुरानी जिला कारागार की भूमि के उपयोग को लेकर जनपद में चर्चा होती रही है। स्थानीय नागरिकों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर यह मांग उठाई जाती रही कि इस महत्वपूर्ण भूमि का उपयोग जनहित और जनोपयोगी परियोजनाओं के लिए किया जाए। लोगों का मानना रहा है कि यदि भूमि का सुनियोजित विकास नहीं हुआ तो भविष्य में उस पर अवैध कब्जे या भू-माफियाओं की नजर पड़ सकती है।
आजमगढ़ के मूल निवासी और प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जनपद के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है। बताया जाता है कि कारागार मंत्री का दायित्व संभालने के बाद से ही वह पुरानी जेल की भूमि के भविष्य को लेकर गंभीर रहे हैं और इस संबंध में कई बार मुख्यमंत्री को जनभावनाओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री के 13 जून को आजमगढ़ दौरे के दौरान आयोजित जनसभा में दारा सिंह चौहान ने पुरानी जेल की भूमि का मुद्दा उठाते हुए आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण स्थल पर ऐसी परियोजना विकसित की जाए जो आजमगढ़ की पहचान बने और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि पुरानी जेल की भूमि के उपयोग से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद आवश्यक निर्णय लेकर परियोजना का शिलान्यास कराया जाएगा तथा विकास कार्य पूर्ण होने पर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जनपद में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और आम लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आजमगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इस भूमि पर जनोपयोगी परियोजना विकसित होने से शहर की आधारभूत सुविधाओं में वृद्धि होगी और यह स्थल जनपद की नई पहचान के रूप में स्थापित होगा।
जनपदवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि यह महत्वाकांक्षी योजना शीघ्र धरातल पर उतरेगी और आजमगढ़ को एक नई विकासात्मक सौगात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *