गला रेतकर युवक की हत्या, नहर किनारे मिला शव; इलाके में सनसनी, एक दिन पूर्व से था लापता, बेकरी के बाहर मिली साइकिल और शर्ट, पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में अज्ञात बदमाशों ने 30 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह युवक का शव गांव में नट बस्ती के बगल नहर के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शाहरुख खान पुत्र मुस्तफा निवासी ग्राम पंचायत गौरी के रूप में हुई है। वह बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर आजीविका चलाता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम शाहरुख घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। परिजनों ने डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को भी सूचना दी। इसके अलावा मीडिया के माध्यम से भी लोगों से युवक का पता लगाने की अपील की गई, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह तलाश के दौरान लोगों ने गौरी गांव में नट बस्ती के बगल नहर के किनारे शाहरुख का शव पड़ा देखा। युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। युवक की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *