
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही गैंग संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान जानकारी मिली कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर विभिन्न आईडी बनाकर झुंड में क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो सकती है। जांच के दौरान पुलिस ने तीन इंस्टाग्राम आईडी और उनसे जुड़े युवकों को चिन्हित किया।
जांच में “A.K.4.T.7 ARMAN” और “Sarkar.-315-69” आईडी से जुड़े दो नाबालिग युवकों को उनके अभिभावकों तथा बाल कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में थाना परिसर बुलाया गया। इस दौरान उन्हें कानून व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। बाल कल्याण अधिकारी द्वारा दोनों की काउंसलिंग की गई और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत देकर अभिभावकों की सुपुर्दगी में छोड़ दिया गया।
वहीं “kamine sarkar 315” आईडी से जुड़े युवक मोहम्मद इरफान (20) निवासी कुन्दीगढ़, थाना कोतवाली के विरुद्ध पुलिस ने धारा 126/135/170 बीएनएस के तहत चालान की कार्रवाई की।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का पालन करने और सकारात्मक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करें। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भय का माहौल बनाने अथवा गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
