ठेकेदार के नगर पंचायत में मनमाने तरीके से नाला निर्माण को लेकर विरोध, मानकों की अनदेखी का आरोप

Uncategorized

आजमगढ़: (आशीष कुमार निषाद) अतरौलिया नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधनीया रोड पर बन रहे नाले के निर्माण को लेकर नगर वासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है और ठेकेदार द्वारा मनमानी की जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले के निर्माण में एकरूपता नहीं रखी जा रही है। कहीं मकानों को तोड़ा जा रहा है तो कहीं बचाया जा रहा है, जिससे नाले की दिशा टेढ़ी-मेढ़ी हो रही है। लोगों का आरोप है कि यदि नाला सीधा बनाया जाए तो जल निकासी की व्यवस्था बेहतर हो सकती है, लेकिन वर्तमान निर्माण कार्य से समस्या और बढ़ने की आशंका है। प्रभु दयाल अग्रहरि ने बताया कि उन्होंने अपने मकान का निर्माण सड़क से ढाई फीट पीछे हटकर किया था, बावजूद इसके बिना किसी पूर्व सूचना के उनके मकान का हिस्सा और गेट तोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बगल के मकान को बचाते हुए नाले को मोड़ दिया गया, जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है।
वहीं, विकास अग्रहरि ने कहा कि उन्हें नाला निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भेदभावपूर्ण तरीके से एक मकान को तोड़ना और दूसरे को बचाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि नाले का निर्माण पूरी तरह से सीधी रेखा में और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा कार्य में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और मनमाने ढंग से निर्माण कराया जा रहा है। इस संबंध में जब नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी।
नगर वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए और नाला निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *