भारत रक्षा दल के विधि मंच का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, गरीबों की मुफ्त कानूनी मदद का लिया संकल्प

Uncategorized

आजमगढ़, 15 जून। गरीबों, मजलूमों एवं सामाजिक मुद्दों से जुड़े लोगों को निशुल्क न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गठित भारत रक्षा दल के विधि मंच के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को संगठन के कटरा स्थित कार्यालय पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने संगठन की रीति-नीति और सिद्धांतों से अधिवक्ता साथियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विधि मंच के गठन से गरीब, असहाय और शोषित लोगों को न्याय दिलाने की लड़ाई को मजबूती मिलेगी। साथ ही भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था के खिलाफ प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में मंच का विस्तार करते हुए सभी तहसील स्तरों एवं अन्य अधिवक्ता संघों के अधिवक्ताओं को भी इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंच पर जाति और धर्म की राजनीति करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं होगा।
विधि मंच के संरक्षक के रूप में चयनित वरिष्ठ अधिवक्ता किलेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारत रक्षा दल परिवार का सदस्य बनने पर उन्हें गर्व का अनुभव हो रहा है और वह संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विनायक ने कहा कि मंच के माध्यम से गरीब और असमर्थ लोगों के मुकदमों की मुफ्त पैरवी की जाएगी। इसके साथ ही जनता को कानूनों की जानकारी देने, सूचना के अधिकार तथा नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।
समारोह में विनायक एडवोकेट को जिलाध्यक्ष, मनीष श्रीवास्तव को मंडल अध्यक्ष, गोपाल प्रसाद एवं शफीउद्दीन उर्फ मशाल को उपाध्यक्ष, प्रदुमन शुक्ल को मंडल सचिव तथा रोहित सिंह को जिला सचिव पद की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर राजेंद्र द्विवेदी, विनोद सिंह एडवोकेट, विवेकानंद एडवोकेट सहित अनेक अधिवक्ता एवं संगठन के नगर और जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुशील कुमार श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *