
आजमगढ़, 15 जून। पौराणिक महत्व की तमसा नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गंगा समग्र के प्रतिनिधियों ने सोमवार को नगर के सिधारी घाट पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए तमसा बचाओ पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन ने कहा कि पौराणिक तमसा नदी को स्वच्छ करना गंगा समग्र का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने नदी की सफाई और संरक्षण के प्रति जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त ध्यान न दिए जाने पर असंतोष भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में ‘तमसा बचाओ यात्रा’ प्रसिद्ध दुर्वासा धाम से शुरू होकर द्रोणाचार्य, दत्तात्रेय और चंद्रमा ऋषि आश्रम होते हुए आजमगढ़ नगर तक पहुंचेगी।
तमसा प्रभाग के संयोजक दिलीप जी ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को निर्मल बनाने के लिए गंगा समग्र विशेष अभियान चला रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदियों में कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक फेंकना बंद करें तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद मिश्र ने किया। इस अवसर पर डा. एच. एन. पाठक, महंत संजय कुमार पांडेय, अवधेश सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी पप्पू, राजेश रंजन, मनीष सिंह, दीपक सिंह, चंदन खरवार, घूरेलाल मौर्य सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गंगा समग्र के पदाधिकारियों ने तमसा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान करते हुए अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की बात कही।
