ड्यूटी से गायब मिला मुख्य आरक्षी, SSP ने किया निलंबित; विभागीय जांच के आदेश

Uncategorized

आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने एक मुख्य आरक्षी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरक्षी संजू कुमार, जो वर्तमान में जनपदीय सुरक्षा, कमिश्नरेट वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात हैं, निर्धारित ड्यूटी अवधि के दौरान अपने नियुक्त स्थान से अनुपस्थित पाए गए। जांच में उनके द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता तथा अनुशासनहीन आचरण किए जाने की पुष्टि हुई।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत विभागीय जांच संस्थित करते हुए मुख्य आरक्षी के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग ने कहा है कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग को बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *