भरत तिवारी को श्रद्धांजलि, हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग

Uncategorized

आजमगढ़। सामाजिक मुद्दों और गरीबों की समस्याओं के लिए संघर्ष करते हुए जान गंवाने वाले भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भारत रक्षा दल द्वारा रैदोपुर तिराहे पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भरत तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद वक्ताओं ने उनके संघर्ष, निडरता और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के धर्मवीर शर्मा ने कहा कि जब कोई गलत व्यक्ति मरता है तो सैकड़ों गलत लोगों का हौसला टूट जाता है, लेकिन जब कोई बहादुर और त्यागी व्यक्ति दुनिया से जाता है तो वह अनेक लोगों को संघर्ष की नई ऊर्जा देकर जाता है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी ने समाज के लिए संघर्ष कर एक मिसाल कायम की है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि भरत तिवारी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और संघर्ष हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने भरत तिवारी की हत्या की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए तथा दोषी हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के पदाधिकारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *