
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पेट्रोल पंप के एक कर्मी के साथ कथित लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने असलहे के बल पर लूटपाट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने लूट और छिनैती की घटना से इनकार करते हुए मामले को पानी पीने को लेकर हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा बताया है।
नगर पंचायत अतरौलिया के गोला बाजार निवासी मुनीब किशन सोनी पटेल स्कूल के पास स्थित किआन फिलिंग स्टेशन पर मुंशी के रूप में कार्यरत हैं। पीड़ित के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे पेट्रोल पंप बंद करने के बाद वह दिनभर की बिक्री का 4,40,301 रुपये नकद अपनी बाइक की डिग्गी में रखकर घर लौट रहे थे। तभी पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर दूर गंगापुर गांव के रास्ते पर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
मुनीब का आरोप है कि गंगापुर निवासी सूरज पुत्र कांता अपने चार अज्ञात साथियों के साथ वहां मौजूद था। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर नकदी मांगनी शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई और एक आरोपी ने उनके कंधे पर काट लिया। उन्होंने दावा किया कि सूझबूझ और साहस के चलते वह बाइक की डिग्गी में रखी 4.40 लाख रुपये की रकम बचाने में सफल रहे, लेकिन आरोपियों ने उनकी जेब से करीब 10 हजार रुपये नकद, गले से सोने की चेन और हाथ में पहना चांदी का कड़ा छीन लिया।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि यूपी-112 पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि लूट की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई है। प्रारंभिक जांच में मामला पानी पीने को लेकर हुए विवाद का सामने आया है, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि लूट या छिनैती जैसी बात अभी तक जांच में प्रमाणित नहीं हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी पीने को लेकर हुए विवाद का प्रतीत हो रहा है। दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। लूट या छिनैती की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
