आधी रात बैरियर लगाने पहुंचे टोलकर्मी, ग्रामीणों के विरोध पर लौटे; गंभीरपुर में फिर गरमाया अवैध टोल का मुद्दा

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में अवैध टोल बैरियर का विवाद एक बार फिर सामने आ गया है। जिला प्रशासन की मौजूदगी में 17 जून को हटाए गए तीन विवादित बैरियरों को दोबारा लगाने का प्रयास बुधवार देर रात किया गया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते टोलकर्मियों को बिना बैरियर लगाए ही वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार 25 जून की रात कुछ टोलकर्मी स्थानीय विवादित लोगों के सहयोग से उन स्थानों पर पहुंचे, जहां पहले बैरियर लगाए गए थे। बैरियर लगाने की तैयारी की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख टोलकर्मियों को पीछे हटना पड़ा और वे वहां से चले गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टोलकर्मियों को कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण बैरियर लगाने की कोशिश की जानकारी न तो जिला प्रशासन को हो सकी और न ही पुलिस प्रशासन को। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते मामले का स्थायी समाधान नहीं किया तो भविष्य में बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।
17 जून को प्रशासन ने हटवाए थे बैरियर
गौरतलब है कि गंभीरपुर क्षेत्र में लगाए गए तीन बैरियरों का ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे थे। विरोध के बाद 17 जून की रात जिला प्रशासन की सहमति से इन बैरियरों को हटाया गया था। इस मुद्दे को क्षेत्र के सांसद ने भी संसद में उठाया था, लेकिन अब दोबारा बैरियर लगाने की कोशिश से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन बैरियरों के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बसों, किसानों और स्थानीय आवागमन करने वाले लोगों को होती थी। आसपास के गांवों के लोगों को छोटी दूरी तय करने के लिए भी लंबा चक्कर लगाना पड़ता था और कई बार अनावश्यक रूप से टोल टैक्स देना पड़ता था।
तीन स्थानों पर लगाए गए थे बैरियर
जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा कर्मियों ने गंभीरपुर बाजार के मार्टिनगंज रोड, मोहम्मदपुर स्थित फरिहा रोड पर सैनिक ढाबा के पास तथा मार्टिनगंज रोड के खुर्रमपुर मोड़ पर बैरियर लगाए थे। इन तीनों स्थानों पर बैरियर लगने से स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्रवासियों की सुविधा को देखते हुए इन बैरियरों को दोबारा लगाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *