घर में घुसकर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर व महंगे कपड़े ले उड़े चोर

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के सेठाकोली चौहान बस्ती में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और महंगे कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव निवासी नखड़ू चौहान पुत्र जीबोधन चौहान ने शुक्रवार को रौनापार थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गुरुवार रात वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात चोर घर के मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने घर के कई कमरों के ताले खोलकर अलमारी और बक्सों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान तथा महंगे कपड़े चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार एक कमरे में उनकी बहू सो रही थी, लेकिन चोरों की आहट तक उसे नहीं लगी, जिससे उस कमरे का कुछ सामान सुरक्षित बच गया।
परिजनों की नींद रात करीब दो बजे हल्की आंधी और बारिश के कारण खुली। नीचे आने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी कमरों के दरवाजे खुले पड़े हैं तथा अलमारियों और बक्सों का सामान बिखरा हुआ है। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर और महंगे कपड़ों की चोरी होने की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रौनापार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। शुक्रवार शाम तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा चोरों की तलाश के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *