
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर दबंगई, रंगदारी और अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले कथित वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मस्थान इलाके से जुड़े दो युवकों अमित यादव और मोनू यादव के नाम से संचालित सोशल मीडिया प्रोफाइलों से वायरल हो रहे वीडियो चर्चा का विषय बने हुए हैं।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर दोनों युवक दबंगई का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में अमित यादव नामक युवक अपने साथ बड़ी संख्या में युवाओं के साथ “8555” नाम के समूह का प्रदर्शन करते हुए रंगदारी से जुड़े गीतों पर रील बनाता नजर आ रहा है। वीडियो में अश्लीलता फैलाने वाले गीतों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया जा रहा है। वहीं एक अन्य वीडियो में युवक काले रंग की स्कॉर्पियो से उतरकर हाथ में लाठी लेकर सड़क पर रील बनाते दिखाई दे रहा है।
दूसरी ओर मोनू यादव के नाम से वायरल वीडियो में एक युवक स्कॉर्पियो की छत पर बैठकर स्टंट करता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इन वीडियो को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जिले में चल रहे ऑपरेशन वज्रपात अभियान के तहत सोशल मीडिया पर असामाजिक गतिविधियों, हथियारों के प्रदर्शन, स्टंटबाजी और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे में इन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने संबंधित वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग वही हैं या नहीं तथा वीडियो कब और कहां बनाया गया था।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
