आजमगढ़ पुलिस को दो बड़ी सफलताएं, झपट्टामार और अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने मोबाइल और नकदी छीनने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर छीना गया मोबाइल बरामद किया है, वहीं तरवां पुलिस ने महिला से सोने के आभूषण ठगकर फरार होने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में 19 जून 2026 को निखिल मौर्य निवासी गुलउर, थाना मुबारकपुर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनके पिता से बैठौली पुल के पास बद्दोपुर गांव के समीप अज्ञात बदमाशों ने 7 हजार रुपये नकद, पर्स, सैमसंग ए-06 मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 30 जून की रात आईटीआई कॉलेज के पास से राहुल सिंह (32) निवासी देवरिया, थाना कप्तानगंज को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में तरवां पुलिस ने महिला से टप्पेबाजी कर सोने के आभूषण हड़पने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार 28 जून को मझवा गांव निवासी सुभावती देवी खरिहानी बाजार गई थीं, जहां मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें बहला-फुसलाकर नथुनी, कनफूल और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए थे। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस ने 30 जून की रात रामप्रताप आदर्श इंटर कॉलेज बहलोलपुर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज डोम (20), समुल्ला डोम (24) निवासी भीमापार थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर तथा खेसारी डोम (20) निवासी दुस्का थाना जमनिया, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से एक मंगलसूत्र, दो सोने के कनफूल, एक सोने की नथुनी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *