ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, 63 वर्षीय किसान की मौत; परिवार में पसरा मातम

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में एक 63 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। घर लौटते समय उनकी बाइक मिट्टी लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, खुटौली गांव निवासी श्रीराम यादव (63) गुरुवार की शाम चतरातर (दुर्वासा) बाजार से घरेलू सामान खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। धर्मदासपुर मार्ग पर स्थित डिग्री कॉलेज के समीप उनकी बाइक की सामने चल रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना जबरदस्त था कि हेलमेट पहनने के बावजूद श्रीराम यादव के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें उपचार के लिए फूलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी सभी संतानें विवाहित हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *