
आजमगढ़। जनपद में अवैध एवं मानकविहीन निजी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के आदेश पर विकासखंड मार्टीनगंज क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो अस्पतालों के ऑपरेशन थियेटर सील कर दिए गए, जबकि एक अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मार्टीनगंज स्थित बसंत हेल्थ केयर सेंटर का निरीक्षण किया। जांच में अस्पताल मानकों के अनुरूप संचालित नहीं मिला। मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था और अस्पताल केवल स्टाफ के भरोसे संचालित हो रहा था। बिना वैध अनुमति संचालित ऑपरेशन थियेटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसी तरह बाबू जी उदयराज हेल्थ केयर सेंटर में भी गंभीर अनियमितताएं मिलीं। यहां भी कोई पंजीकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था और नियमों की अनदेखी करते हुए ऑपरेशन थियेटर संचालित किया जा रहा था। टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया।
वहीं लक्ष्मी हेल्थ केयर एंड हॉस्पिटल, मुक्तिपुर बाजार के निरीक्षण के दौरान संचालक आवश्यक पंजीकरण और वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर अस्पताल संचालक को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि बिना पंजीकरण, बिना मान्यता और बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित अस्पताल, नर्सिंग होम या क्लीनिक किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
