
आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान देवगांव सीएचसी में दो चिकित्सक और एक कनिष्ठ सहायक बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जिस पर सीएमओ ने तीनों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीएचसी देवगांव में उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस, डॉ. राजेश कुमार तथा कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल में साफ-सफाई और ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली संतोषजनक मिली।
इसके बाद सीएमओ ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का निरीक्षण किया। यहां मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण पंजीकरण काउंटर पर भीड़ देखी गई। इस पर उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि इलाज के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान लालगंज अस्पताल में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्था और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सकों और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति अनिवार्य है तथा लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित और औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
