आजमगढ़ में भक्ति की बही अविरल धारा: दो भव्य श्रीजगन्नाथ रथ यात्राओं में उमड़ा जनसैलाब, जयघोष और संकीर्तन से गूंजा पूरा शहर

Uncategorized

आजमगढ़। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को आजमगढ़ शहर पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया। एक ओर इस्कॉन (ISKCON) आजमगढ़ की ओर से गौरीशंकर घाट से भव्य रथयात्रा निकाली गई, वहीं दूसरी ओर कदम घाट से परंपरागत श्रीजगन्नाथ यात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली। दोनों यात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा नगर “जय जगन्नाथ” के जयघोष, हरिनाम संकीर्तन और भक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा।
इस्कॉन आजमगढ़ की ओर से आयोजित रथयात्रा का शुभारंभ गौरीशंकर घाट से भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विधि-विधान से पूजन, आरती एवं छप्पन भोग अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद भगवान को आकर्षक एवं सुसज्जित रथ पर विराजमान कर श्रद्धालुओं ने रस्सियां खींचते हुए नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। रथ के आगे भक्त झाड़ू लगाकर मार्ग को स्वच्छ करते हुए सेवा और समर्पण का अनूठा संदेश दे रहे थे।
यात्रा के दौरान इस्कॉन जूहू (मुंबई) से आए भक्तों की टोली ने हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मातृशक्तियों ने भगवान को चंवर डुलाकर सेवा की, जबकि हाथी, घोड़े और बैंड की आकर्षक प्रस्तुतियों ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।
रथयात्रा गौरीशंकर घाट से दलाल घाट, पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक, शंकर जी की मूर्ति और पुरानी सब्जी मंडी होते हुए पंचशील मैरिज लॉन पहुंची। यहां जगन्नाथ पुरी से पधारे हयग्रीव प्रभु ने भगवान श्रीजगन्नाथ की महिमा पर प्रेरणादायी प्रवचन दिया। इसके बाद संकीर्तन, भगवान की आरती, छप्पन भोग और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर ओजस्वी प्रभु, रसविचार प्रभु, राधागोविंद प्रभु, सतीश प्रभु, रत्नाचार्य प्रभु, स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय, अवधेश, अमरनाथ, भोलानाथ, सिद्धार्थ राम सिंह, आशीष, नीरज, पंकज, अरविंद, अमित, विभाग प्रचारक दीनानाथ जी, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’, विनय प्रकाश गुप्ता, गौरव रघुवंशी, चंदन सिंह, अशोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
उधर, कदम घाट से निकली परंपरागत श्रीजगन्नाथ रथयात्रा भी श्रद्धा और उत्साह का केंद्र रही। बैंड-बाजों, रोड लाइट और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस यात्रा में भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा कदम घाट से पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, कटरा, पांडेय बाजार स्थित पानी की टंकी होते हुए पुनः मुख्य चौक पहुंची।
पूरे मार्ग में भगवान श्रीजगन्नाथ की महिमा का गुणगान करते भक्ति गीत गूंजते रहे। श्रद्धालु झांकियों के दर्शन कर भाव-विभोर होते रहे और जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया। इस यात्रा में संत प्रसाद अग्रवाल, पंकज गोलवारा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
दो अलग-अलग स्थानों से निकली इन दोनों भव्य रथयात्राओं ने पूरे आजमगढ़ को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। शहर की सड़कों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हरिनाम संकीर्तन, जयघोष, आकर्षक झांकियां और सेवा-भाव ने धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। गुरुवार को पूरा नगर भगवान श्रीजगन्नाथ की भक्ति में डूबा नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *