
आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए दादा-पोते के चर्चित दोहरे हत्याकांड का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार देर रात एक और खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में अकेली रह रही 48 वर्षीय महिला पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। महिला दूसरी मंजिल पर खून से लथपथ अवस्था में मिलीं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पवई कस्बा निवासी दुर्गावती (48), पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद, गुरुवार रात अपने घर में अकेली थीं। उन्होंने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था। इसी दौरान किसी तरह एक हमलावर घर के भीतर पहुंच गया और महिला की गर्दन व हाथ पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण कोई घर में प्रवेश नहीं कर सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। जब पुलिस और स्थानीय लोग घर के अंदर पहुंचे तो महिला दूसरी मंजिल पर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजन उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि दुर्गावती एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
इस मामले में अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी निवासी बृजेश कुमार ने पवई थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बहन दुर्गावती पर पवई कस्बा निवासी सुजीत मौर्य ने धारदार हथियार से हमला किया। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि पवई क्षेत्र में हाल ही में हुए दादा-पोते के दोहरे हत्याकांड का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर हुई इस दूसरी सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है। स्थानीय लोग लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
