
आजमगढ़। मंडलीय जिला कारागार में बंद एक 24 वर्षीय विचाराधीन कैदी की गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विक्रम (24) पुत्र निवासी नया चौक, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक विक्रम को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक चोरी के मामले में पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद वह अदालत में नियमित रूप से पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते न्यायालय से उसके खिलाफ वारंट जारी हो गया।
मृतक के भाई विक्की ने बताया कि करीब तीन दिन पहले जीयनपुर पुलिस उनके घर पहुंची और विक्रम को अपने साथ लेकर कोतवाली गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे मंडलीय जिला कारागार भेज दिया गया। गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे जेल प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि विक्रम की मौत हो गई है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का कहना था कि विक्रम पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। उनका आरोप है कि जब पुलिस उसे घर से लेकर गई थी तब उसकी तबीयत सामान्य थी, ऐसे में जेल के भीतर अचानक उसकी मौत कैसे हो गई, यह गंभीर जांच का विषय है।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं पुलिस का कहना है कि नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
