आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.87 करोड़ की ठगी करने वाले गैंग पर कसा शिकंजा, फरार अभियुक्तों के खिलाफ मुनादी

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद की कोतवाली व बरदह थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर, हिस्ट्रीशीटर व भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय गिरोह के खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले इस संगठित गिरोह के फरार अभियुक्त संगम राय उर्फ कुंदन राय समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत मुनादी कराई गई है।
माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ के निर्देश पर पुलिस टीम ने अभियुक्तों के संभावित ठिकानों और निवास स्थानों पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया के तहत डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई। साथ ही नोटिस चस्पा कर स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई। अभियुक्तों को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी भी दी गई है।
मामले की जांच में सामने आया है कि गिरोह ने जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को झांसे में लिया और अब तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 13 मामलों में करीब 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। इस संबंध में कोतवाली थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 92/2026 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले गिरोह के सरगना कृष्णचन्द्र राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, कृष्णचन्द्र राय एक शातिर अपराधी है, जो अपने परिवारजनों और सहयोगियों के साथ मिलकर जमीन के नाम पर ठगी करता रहा है। गिरोह में उसकी पत्नी रेनू राय और पुत्र संगम राय उर्फ कुंदन राय की सक्रिय भूमिका सामने आई है। अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न थानों में ठगी, जालसाजी, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन अभियुक्तों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *