
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2026 के घोषित परिणाम में मुबारकपुर थाने पर तैनात तीन आरक्षियों ने सफलता हासिल कर आजमगढ़ पुलिस का मान बढ़ाया है। नियमित पुलिस ड्यूटी के साथ कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी के बल पर तीनों आरक्षियों का उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है।
मुबारकपुर थाने में इस उपलब्धि पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रभारी निरीक्षक शशिचंद्र चौधरी ने चयनित तीनों आरक्षियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस की व्यस्त ड्यूटी के साथ लगातार अध्ययन कर उपनिरीक्षक जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि तीनों आरक्षियों की मेहनत अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनेगी और वे नई जिम्मेदारी के साथ विभाग एवं समाज की बेहतर सेवा करेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान थाना मुबारकपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और चयनित आरक्षियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उपनिरीक्षक पद पर चयनित आरक्षी:
अखिलेश कुमार तिवारी, निवासी ग्राम देवगढ़ कमासिन, थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़।
सूरज यादव, निवासी ग्राम जोगीपुर, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़।
दीपक सिंह, निवासी ग्राम पगार मठिया बरबात, जनपद कुशीनगर।
जनपद आजमगढ़ पुलिस ने तीनों चयनित आरक्षियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मियों के लिए इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ड्यूटी के साथ भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
