आजमगढ़ में अपराधियों पर सख्ती: 6 और शस्त्र लाइसेंस निरस्त, अब तक 57 पर हुई कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति और जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार की मंजूरी के बाद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त छह शस्त्र लाइसेंस धारकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही एसएसपी के कार्यकाल में अब तक कुल 57 शस्त्र लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार जिन लोगों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, उनके विरुद्ध विभिन्न गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन का मानना है कि ऐसे व्यक्तियों के पास शस्त्र बने रहना जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा हो सकता है। इसी आधार पर उनके लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गई।
निरस्त किए गए लाइसेंस धारकों में मेहनगर थाना क्षेत्र के खुटवा चक खुटवा निवासी अशफाक अहमद, रौनापार थाना क्षेत्र के अजगरा मगरवी निवासी सूर्यदेव यादव, तुलापुर निवासी बृजेश सिंह, जोकहरा निवासी शिव कुमार, बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर निवासी आलम तथा गुलवा गौरी निवासी बसी उर्हमान शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किए जा चुके हैं या मुकदमे विचाराधीन हैं।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिन व्यक्तियों के पास शस्त्र होने से आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, उनके विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *