
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दोस्ती करने के बाद युवक द्वारा बाइक चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली रीता देवी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बेटे की मुलाकात गाजीपुर निवासी सुधीर नामक युवक से हुई थी। सुधीर ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर बेटे से दोस्ती कर ली और घर आना-जाना शुरू कर दिया। एक दिन वह घर पर रुका और रात में सभी के सो जाने के बाद घर के बाहर खड़ी 26BH6422H नंबर की बाइक लेकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर जहानागंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा संख्या 0166/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
