






आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने ग्रह-दशा ठीक करने का झांसा देकर लोगों को बातों में उलझाकर जेवर व नकदी हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 5500 रुपये नकद, एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के ग्राम छतौरा निवासी आशा पत्नी रामप्रवेश ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि 7 फरवरी 2026 को वह चिरैयाकोट से आजमगढ़ आ रही थी। शंकर तिराहा सिधारी पर उतरकर पैदल काली चौरा जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके परिवार व बेटे की ग्रह-दशा ठीक कराने की बात कहकर उसे बातों में उलझा लिया और उसकी चेन, अंगूठी व दो हजार रुपये लेकर फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
जांच के दौरान शुक्रवार की रात सर्विलांस सेल व मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, प्रियंका तिवारी, अभिषेक कुशवाहा, अमित त्रिपाठी तथा सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल उमेश यादव की टीम ने बंधा रोड ठंडी सड़क से अभियुक्त लईक उर्फ लकी पुत्र तौफिक निवासी ठंडानाला गुलरभोज थाना गदरपुर जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 5500 रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कई जनपदों में इस तरह की टप्पेबाजी व धोखाधड़ी की घटनाएं कर चुका है। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ व सोनभद्र समेत विभिन्न स्थानों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली थाना पुलिस व सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
