आजमगढ़ में भीषण हादसा: ट्रांसफार्मर से टकराकर डीजल टैंकर पलटा, भीषण आग में तीन की दर्दनाक मौत

Uncategorized

आजमगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीजल से भरा टैंकर ट्रांसफार्मर से टकराकर पलट गया, जिसके बाद भीषण आग लगने से तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की छह गाड़ियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर गिर पड़ा और तेज धमाके के साथ टैंकर में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि आसपास मौजूद लोग मदद के लिए टैंकर के पास तक नहीं पहुंच सके।

हादसे की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। छह दमकल वाहनों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य शवों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *