गैंगस्टर एक्ट में वांछित गो-तस्करी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, अहरौला पुलिस की कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गो-तस्करी और गोवध से जुड़े संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
पुलिस के मुताबिक गैंग लीडर सहबाज अंसारी उर्फ शहबाज और उसके सहयोगी मुन्ना उर्फ कटारी पर आर्थिक लाभ के उद्देश्य से गो-तस्करी एवं गोवध से जुड़े अपराधों में संलिप्त संगठित गिरोह चलाने का आरोप है। इसी आधार पर थाना अहरौला में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुरुवार देर रात थानाध्यक्ष मन्तोष सिंह अपनी टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश और रात्रि गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर बरामदपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर करीब 10 बजे मुन्ना उर्फ कटारी पुत्र राजाराम, निवासी मोतीपैर, कस्बा माहुल, थाना अहरौला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मन्तोष सिंह, आरक्षी दिवाकर मिश्रा, आरक्षी अभिषेक तिवारी तथा महिला आरक्षी बंदना सिंह शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *