
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के गिडउर गांव निवासी पंकज दीक्षित पुत्र स्व. रामराज ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर बहू के मायके पक्ष पर घर में घुसकर तोड़फोड़, गाली-गलौज और नगदी व जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
तहरीर के अनुसार गुरुवार देर शाम बहू निधि, पत्नी अभिषेक दीक्षित, का खाना देने को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद वह घर छोड़कर जाने लगी और उसने अपने मायके पक्ष को सूचना दी।
शिकायत के मुताबिक रात करीब एक बजे बहू के पिता रामनवल पांडेय, भाई कृष्णा पांडेय और बहन मुस्कान पांडेय चारपहिया वाहन से घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की तथा कृष्णा पांडेय के हाथ में अवैध असलहा भी था। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपितों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और वहां रखे ₹5,000 नकद, सोने-चांदी के सात थान जेवरात समेत अन्य सामान लेकर चले गए।
परिजनों ने बताया कि अभिषेक दीक्षित का विवाह करीब 16 माह पूर्व मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव निवासी रामनवल पांडेय की पुत्री निधि के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।
घटना की सूचना रात में डायल-112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद स्थानीय थाने में तहरीर देने की सलाह दी।
मामले में बरदह थाने के उपनिरीक्षक सुरेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
