कमल के फूल बेचकर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत, आरोपी स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार

Uncategorized

आजमगढ़: रानी की सराय थाना क्षेत्र के मझगावा गांव के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाहखजुरा गांव निवासी शीष्य राजभर (35) रविवार को तालाब से तोड़े गए कमल के फूल बेचने के लिए जिला मुख्यालय स्थित बाबा भवरनाथ मंदिर गए थे। फूल बेचकर घर लौटते समय मझगावा गांव के पास एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही हाईवे पर निकले, तभी शहर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि शीष्य राजभर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची रानी की सराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विमल राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *