आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालिका की मौत, परिवार में मचा कोहराम, बरसात देख छत पर कपड़ा लेने गई थी, पास में खड़ी बहन बाल बाल बची

Uncategorized

आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के व्योहरा गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सलोनी (13) इन दिनों अपने ननिहाल में रह रही थी। गुरुवार शाम बारिश शुरू होने पर वह घर की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान तेज बारिश और बिजली की गड़गड़ाहट के बीच वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, कुछ ही दूरी पर कपड़े समेट रही आरती बाल-बाल बच गई। सलोनी को गिरते देख आरती ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन दौड़कर छत पर पहुंचे।
परिजन गंभीर हालत में सलोनी को तत्काल सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि सलोनी के पिता अजय कुमार और माता सरिता दिल्ली में रहते हैं। वह अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटी थी। बड़ा भाई करण कुमार अहमदाबाद तथा दूसरा भाई किशन कुमार मुंबई में निजी नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली क्षेत्र के धरांग गांव निवासी उसके बाबा कांता सरोज समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार शाम अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *