पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार मेडिकल स्टोर संचालक की मौत, पुत्र घायल, दुकान बंद कर लौट रहे थे घर

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी एक मेडिकल स्टोर संचालक की अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर गांव निवासी 48 वर्षीय आशाराम प्रजापति पुत्र रामअजोर प्रजापति मिल्कीपुर बाजार में मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। सोमवार रात करीब नौ बजे वह अपने 17 वर्षीय पुत्र अंश प्रजापति के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। घर से लगभग 200 मीटर पहले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर स्थित हमीरपुर नहर पुलिया के पास किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक दूध विक्रेता वहां से गुजर रहा था। उसने दोनों को घायल अवस्था में देखा और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले गए, जहां चिकित्सकों ने आशाराम प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अंश का उपचार किया गया।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आशाराम प्रजापति बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह प्रतिदिन अपने पुत्र अंश को साथ लेकर बाजार आते थे। अंश दिन में बाजार स्थित डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई करता था और शाम को पिता के साथ घर लौटता था। इस हादसे से पूरे बाजार और गांव में शोक की लहर है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि घटना सर्विस लेन पर हुई है, जहां कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे जांच में कुछ कठिनाई आ रही है। पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही वाहन की पहचान कर ली जाएगी।
मृतक अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *