
आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर उनके घरों से जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में चोरी का माल खरीदकर गलाने वाला एक सुनार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मंगलसूत्र के लॉकेट, नाक की कील, नगदी तथा झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, जलंधरी मोहल्ला निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बीमार बेटी को ठीक करने का झांसा देकर दो युवक घर आए। उन्होंने झाड़-फूंक के नाम पर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और कुछ सुंघा दिया, जिससे महिला, उसकी बेटी और बहन बेहोश हो गईं। इसके बाद घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई। इसी तरह बाज बहादुर मोहल्ले में भी एक महिला को तंत्र-मंत्र और काले साये का भय दिखाकर बेहोश कर घर से जेवरात चोरी करने की घटना सामने आई थी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 13 अगस्त की रात कोट तिराहे से मोहम्मद आजम, अब्दुल राजिक और सुनार सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे महिलाओं को झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर विश्वास में लेकर बेहोशी की दवा पिलाते या सुंघाते थे और घर से जेवरात व नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी के जेवर सूरज वर्मा सस्ते दामों में खरीदकर गलाकर आगे बेच देता था।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर दो मंगलसूत्र के लॉकेट, एक नाक की कील, ₹700 नकद, आठ सिक्के, एक मिट्टी का मटका, कांच की शीशी तथा काली सरसों सहित झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
