
आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव के सिवान में गुरुवार को धान के खेत में निराई-गुड़ाई कर रही महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 40 वर्षीय नीतू पत्नी हरिकांत राम की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं झुलस गईं। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
बताया गया कि लसड़ा कला गांव के सिवान में कई महिलाएं धान के खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से नीतू देवी समेत अनिता देवी (40) पत्नी संतोष, रेनू देवी (35) पत्नी राजकुमार, राधिका देवी (50) पत्नी शाहजू राम, सरिता (27) पुत्री जगदीश, संजना (17) पुत्री रामभुवन और गीता देवी (54) पत्नी फूलचंद्र झुलस गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुजा पहुंचाया। महुजा में नीतू, अनिता और रेनू को ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत को देखते हुए अनिता और रेनू को सदर अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं, राधिका, सरिता, संजना और गीता को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नीतू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नीतू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व्यापार प्रकोष्ठ शैलेंद्र सिंह गुड्डू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों के बेहतर इलाज के लिए प्रभारी चिकित्सक से बातचीत की। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर आकाशीय बिजली से झुलसे लोगों का हाल भी जाना।
