पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बिना परमिट सवारी ढोने वाले 21 वाहन सीज, 20 लोगों का चालान, पुलिस का यात्रियों से मारपीट का भी चालकों पर आरोप

Uncategorized

आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में बिना परमिट अवैध रूप से सवारी ढोने तथा ब्रिज और अंडरपास के नीचे अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के दौरान 21 चारपहिया वाहनों को सीज किया गया, जबकि 20 व्यक्तियों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालानी कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को भवरनाथ चौराहा और सेहदा अंडरपास क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस जांच में पाया गया कि कई वाहन चालक बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के अवैध रूप से यात्रियों को ढो रहे थे। साथ ही ब्रिज और अंडरपास के नीचे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर अवैध वाहन स्टैंड संचालित किया जा रहा था, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस के अनुसार सवारी बैठाने को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई जैसी स्थितियां उत्पन्न हो जाती थीं। यात्रियों के साथ भी किराये और सवारी बैठाने को लेकर विवाद की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी।
अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों और परिवहन संबंधी अभिलेखों की जांच की गई, लेकिन कई चालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते 21 चारपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
इसके अलावा दुर्गेश राय, प्रिंस यादव उर्फ बृजेश यादव, मोहम्मद साहिद, अभिषेक सिंह तोमर, विवेक सिंह, दुर्गा राय, शिवकुमार यादव, संतोष चौरसिया, दिनेश गौड़, आनंद यादव, मोहम्मद इमरान, कमलेश यादव, ईसा हाशमी, हिमांचल सिंह, शफीक अंसारी, शशिकांत, विमलेश सिंह, कपिल पासवान, शिवम यादव तथा तेजबहादुर यादव सहित कुल 20 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालानी कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया।
कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, यातायात पुलिस तथा थाना कंधरापुर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के यात्री वाहन संचालन तथा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वालों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: बबलू राय, पटवध/आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *