
आजमगढ़ में अहरौला और तहबरपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली निवासी दिलकस, साहिल, वाजिद और फैजान के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, बिना नंबर की XUV-500, पांच मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
हाईवे किनारे वाहन खड़ा कर करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य हाईवे के आसपास वाहन खड़ा करते थे और नजदीकी गांवों में घरों की छत के रास्ते दाखिल होकर ताले तोड़ते थे। घरों से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के बाद तय स्थान पर पहुंचते थे, जहां SUV चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर समेत कई जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़
अहरौला पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की सुबह करीब 3:46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तबरपुर की ओर से सर्विस लेन पर आ रही सफेद XUV-500 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दिलकस और साहिल के दाहिने पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान करीब छह बदमाश मौके से फरार हो गए।
इसके कुछ ही देर बाद तहबरपुर पुलिस ने करीब 4:29 बजे चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, यहां भी बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वाजिद के दाहिने पैर और फैजान के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
सात चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अब तक अहरौला की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो और अम्बेडकरनगर के जैतपुर क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।
अहरौला में 14/15 अगस्त की रात भवरूपुर क्षेत्र में दो घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। वहीं तहबरपुर क्षेत्र के ओहनी रामेश्वरपुर और रमनीपुर में भी घरों में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी की गई थी।
बरेली और बदायूं में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बरेली और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दिलकस के खिलाफ भमोरा और सुभाषनगर थानों में तथा साहिल के खिलाफ बदायूं के बिल्सी और उझानी थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।
