
आजमगढ़। व्यवसायिक साथी को दिए गए मारुति सुजुकी वाहन को फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षर तैयार कराकर बिना वाहन स्वामी की सहमति और मौजूदगी के अपने नाम हस्तांतरित कराने के मामले में देवगांव पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बसही नहर पुल मेहनाजपुर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवेदिका ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति दिलीप यादव ने व्यवसाय के सिलसिले में अपना मारुति सुजुकी वाहन व्यवसायिक साथी को दिया था। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड, दस्तावेज और हस्ताक्षर तैयार कराकर वाहन को बिना वाहन स्वामी की सहमति और उसकी मौजूदगी के परिवहन विभाग में अपने नाम हस्तांतरित करा लिया।
शिकायत के आधार पर थाना देवगांव में मु0अ0सं0 320/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 सितंबर 2026 को मुकदमे से संबंधित आरोपी इम्तियाज अहमद पुत्र अलीमुद्दीन निवासी बसही इकबालपुर, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ को बसही नहर पुल मेहनाजपुर के पास से दोपहर करीब 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल अमित तिवारी और कांस्टेबल कृष्णानन्द पाण्डेय शामिल रहे।
