पति से विवाद के बाद शिव चर्चा में जाने की बात कहकर निकली महिला का रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक किनारे 59 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे लाइन की निगरानी के दौरान खुरासन रोड रेलवे स्टेशन के की-मैन आलोक वर्मा ने पोल संख्या 79/16 के पास महिला का शव देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना फूलपुर कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर महिला की पहचान कलावती (59) पत्नी मुन्नीलाल, निवासी झकहा गांव, थाना फूलपुर के रूप में की। पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर महिला के पति मुन्नीलाल भी मौके पर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह कलावती और उनके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कलावती अपनी बेटी से घीयहा गांव में शिव चर्चा में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थीं। दोपहर करीब दो बजे परिवार को रेलवे ट्रैक किनारे उनका शव मिलने की जानकारी मिली। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
उपनिरीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान दिखाई नहीं दिए हैं। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलावती के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। दोनों बेटे पंजाब में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *