
आजमगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की ओर से लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। स्कूल वाहनों के फिटनेस, मेंटेनेंस, जरूरी कागजात और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए समय-समय पर चेकिंग अभियान भी चलाया जाता है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद शनिवार को शहर के हर्रा की चुंगी क्षेत्र में स्कूली बच्चों से एक वैन को धक्का लगवाने का वीडियो सामने आया है।
वायरल वीडियो में स्कूली यूनिफॉर्म पहने कुछ बच्चे सड़क पर एक वैन को धक्का देते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वैन में स्कूली बच्चों को ले जाया जाता है। हालांकि यह वाहन स्कूली बच्चों को ढोने के लिए परिवहन विभाग में पंजीकृत है या नहीं और किस स्कूल से संबद्ध है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
वीडियो सामने आने के बाद स्कूली वाहनों की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि वाहन रास्ते में खराब हो गया था तो बच्चों से उसे धक्का लगवाने के बजाय उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखना चाहिए था। सड़क पर बच्चों का इस तरह वाहन को धक्का देना किसी भी स्थिति में जोखिम भरा हो सकता है।
आरटीओ विभाग की ओर से स्कूली वाहनों को लेकर समय-समय पर अभियान चलाकर फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक के दस्तावेज और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है। ऐसे में वायरल वीडियो के बाद अब लोगों की नजर परिवहन विभाग की कार्रवाई पर है। देखना होगा कि आरटीओ विभाग इस वीडियो का संज्ञान लेकर वाहन की पहचान और उसके कागजात की जांच करता है या नहीं।
