जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों ने घरों पर लगाया ‘मकान बिकाऊ’ का पोस्टर, रास्ते पर कब्जे और जलनिकासी न होने से बढ़ी परेशानी

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर गांव में रिहायशी बस्ती के आने-जाने वाले रास्ते पर लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों का सब्र अब जवाब देने लगा है। समस्या से नाराज लोगों ने अपने घरों के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं। नारेबाजी भी की गई। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें रोजाना गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक बस्ती में जलनिकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला पानी भी निकासी का रास्ता नहीं मिलने के कारण सड़क पर ही जमा हो जाता है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है। रास्ते पर कई जगह पानी जमा रहने से पैदल चलने के साथ ही दोपहिया और अन्य वाहनों से आवागमन में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती के रास्ते पर कुछ लोगों ने कब्जा भी कर रखा है, जिसके कारण पानी की निकासी के लिए रास्ता नहीं बचा है। नाली अथवा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का पानी रास्ते पर बहता रहता है और वहीं जमा होकर कीचड़ व जलभराव की स्थिति पैदा कर देता है।
सबसे नाराजगी की बात यह है कि समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब अपने घरों के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगा दिए हैं। पोस्टर के जरिए ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान बस्ती की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था और रास्ते से कब्जे हटाने की कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *