सर्राफा कारोबारी की घर में मौत, परिजन बोले-कोई परेशानी नहीं थी, सुबह कमरे में मिला 32 वर्षीय रवि वर्मा का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Uncategorized

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 32 वर्षीय सर्राफा कारोबारी रवि वर्मा का शव घर के कमरे में मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन आत्महत्या की बात कह रहे हैं, लेकिन इसके पीछे की वजह को लेकर वे खुद भी हैरान हैं।
परिजनों के अनुसार रविवार रात रवि सामान्य तरीके से खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे उसके भाई आनंद वर्मा ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो रवि का शव मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की स्थिति और कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक के भाई ने बताया कि रवि चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह भावरनाथ के पास सेहदा में सराफा की दुकान चलाता था। परिजनों का कहना है कि रवि को किसी तरह की आर्थिक, पारिवारिक या अन्य परेशानी नहीं थी। सभी भाई अलग-अलग रहते थे और रवि भी अपने परिवार के साथ रहता था।
परिजनों के मुताबिक शनिवार को रवि अपनी पत्नी और बच्चे के साथ अतरौलिया क्षेत्र के मदियापार स्थित ससुराल गया था। रविवार को वह पत्नी और बच्चे को वहीं छोड़कर अकेले घर लौट आया था। उस समय भी वह सामान्य दिखाई दे रहा था। परिवार के लोगों का कहना है कि रवि के व्यवहार में ऐसी कोई बात नजर नहीं आई, जिससे उन्हें किसी परेशानी का अंदेशा होता।
परिजन इस बात को लेकर भी हैरान हैं कि जब कोई आर्थिक या पारिवारिक परेशानी नहीं थी तो आखिर ऐसी स्थिति क्यों बनी। रवि के साले ने बताया कि कुछ दिन पहले ही परिवार की ओर से करीब 14 लाख रुपये कीमत की जमीन रवि को उपहार में दी गई थी। ऐसे में आर्थिक परेशानी की बात भी परिजन नहीं मान रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *